दिल्ली भागीदारी एलायंस ने दिल्ली की सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारे
प्रेस वार्ता में फ्री की रेवड़ियां बांटकर दिल्ली की जनता को भ्रमित करने का लगाया आरोप
नई दिल्ली :आज डॉ राजेंद्र प्रसाद रोड, नई दिल्ली में भिन्न-भिन्न राजनैतिक दलों के साझा मंच, दिल्ली भागीदारी एलायंस के बैनर तले एक संयुक्त प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी, भारतीय महासंघ पार्टी, भारतीय लिबरल पार्टी, नेशनल यूथ पार्टी, पीस पार्टी, भीम सेना, इंसाफ पार्टी और जय प्रकाश जनता दल जैसे दर्जनों दलों ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता करके दिल्ली की सभी 70 विधान समाओं पर चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा की।
दिल्ली भागीदारी एलायंस के संयोजक इंजीनियर डी.सी. कपिल ने बताया कि इस गठबंधन में शामिल सभी राजनैतिक दलों ने अलग-अलग विधान सभाओं पर चुनाव लड़ने के लिए अपनी अपनी पार्टी के प्रत्याशियों की सूची घोषित की। साथ ही साथ एक दूसरे के ईमानदार सहयोगी बनकर सहयोग करने की भी घोषणा की।
दिल्ली की वर्तमान आम आदमी पार्टी की सरकार पर हमला बोलते हुए एलायंस के संयोजक इंजी. डी.सी. कपिल ने फ्री की रेवडियों बांटकर दिल्ली की जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस पार्टी ने 2013, 2015 और 2020 के चुनावी घोषणा-पत्रों में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, जन लोकपाल नियुक्त करने, यमुना की सफाई, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, दो लाख युवाओं को स्थायी नौकरी देने और दिल्ली से भ्रष्टाचार मिटाने जैसे जितने भी वायदे किये थे, उन सभी पर दिल्ली सरकार पिछले 11 वर्षों के शासनकाल में बुरी तरह से विफल रही है।
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आनन्द ने दिल्ली सरकार पर दलित विरोधी, आरक्षण विरोधी और संविधान विरोधी होने के गंभीर आरोप लगाये।
पीस पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हाफीज गुलाम सरवर ने अल्पसंख्यकों की हकमारी और उर्दू भाषा को समाप्त करने तथा वक्फ बोर्ड के अंतर्गत आने वाली मस्जिदों के इमामों को पिछले 18 महीने से सैलरी न देने का आरोप लगाया। राज्य सभा मे मुस्लिमों को प्रतिनिधित्व न देने और कोरोनाकाल में तब्लिकी जमात पर कोरोना फैलाने के झूठे आरोप लगाने का मामला भी उठाया।
प्रेस वार्ता में भारतीय महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद झा, भीम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री धर साल्वे, भारतीय लिबरल पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अखबर खान राणा, इंसाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर शेख कलीमुद्दीन, जय प्रकाश जनता दल के राष्ट्रीय सचिव रविंद्र पांडे और नेशनल यूथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रजनीश झा ने भाग लिया और प्रेस को सम्बोधित किया।
दिल्ली भागीदारी एलायंस ने दिल्ली की सभी 70 विधान सभाओं पर चुनाव प्रत्याशियों की सूची जारी की। दिल्ली की सभी विधान सभाओं में दिल्ली सरकार की जन विरोधी नीतियों के विरोध में वादा खिलाफी की शव यात्रा निकालने की भी घोषणा की गई ।